रक्सौल:- श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर लक्ष्मीपुर स्थित एस.ए.वी. स्कूल में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा का मनमोहक रूप धारण कर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन जीत लिया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजे नजर आए। किसी ने कान्हा का रूप धारण कर माखन चोरी की बाल लीला प्रस्तुत की, तो किसी ने राधा के रूप में मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी विभिन्न बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां पेश कीं।
राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों की मासूम अदाओं, भाव-भंगिमाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य साईमन रेक्स, निदेशक अरविंद कुमार सिंह एवं अशोक कुमार सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। आयोजन में विक्टर डेका, कुंदन राज, मंदीप कुमार, प्रीति मैम, कंचन मैम एवं रामभरोश सर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।









