हाजीपुर (बिहार)। नेपाल सहित विभिन्न देशों के 15 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय पत्रकार दल ने हाजीपुर नगर स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध बाबा पातालेश्वरनाथ मंदिर का दर्शन एवं मंदिर परिसर का अवलोकन किया। सार्क जर्नलिस्ट फोरम (एसजेएफ) इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष राजू लामा के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकार दल ने मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया।
मंदिर परिसर पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में अतिथि पत्रकारों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन सार्क जर्नलिस्ट फोरम इंडिया चैप्टर, बिहार के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पत्रकार डॉ. शशिभूषण कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. कुमार को भी मंदिर ट्रस्ट समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
समारोह में हाजीपुर नगर परिषद की अध्यक्ष डॉ. संगीता कुमारी ने नेपाल से आए वरिष्ठ पत्रकार एवं सार्क जर्नलिस्ट फोरम के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शादाब, अभिलाष गुप्ता, पवन साह, अरुण गुप्ता, रुद्र सुवेदी, आरिफ अंसारी, अजमत अली सहित अन्य पत्रकारों का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंध सदियों से अटूट रहे हैं। दोनों देशों के बीच साझा संस्कृति, धार्मिक एकता एवं आपसी सद्भाव की भावना हमेशा मजबूत बनी रहेगी।
इसी क्रम में मंदिर ट्रस्ट समिति के सचिव अनिल चंद्र कुशवाहा ने पत्रकार दल को बाबा पातालेश्वरनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों को मंदिर परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराते हुए मंदिर की परंपरा एवं आस्था से अवगत कराया।
अवलोकन के दौरान पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद, आपसी सद्भाव एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों की सहभागिता में आयोजित इस भ्रमण से हाजीपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।









